इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 221 रन का लक्ष्य रखा है।
IPL 2026, MI vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 221 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
KKR को मिली धमाकेदार शुरुआत
यह वही पिच है, जहां टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने भारत द्वारा दिए गए 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 246 रन बना दिए थे। ऐसे में केकेआर द्वारा दिया गया 221 रन का लक्ष्य मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा स्कोर नहीं माना जा रहा है। केकेआर की शुरुआत अच्छी रही। अजिंक्य रहाणे के साथ फिन एलन ने पारी की शुरुआत की। फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए और शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। इसके बाद कैमरून ग्रीन 18 रन बनाकर आउट हुए। इस बल्लेबाज को भी शार्दुल ठाकुर ने पवेलियन भेजा।
इसके बाद अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच शानदार साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। रहाणे ने 40 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन की पारी खेली।
खाली हाथ लौटे बुमराह-बोल्ट
इसके बाद रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह ने विकेट तो नहीं गिरने दिया, लेकिन रन गति को ज्यादा नहीं बढ़ा सके। रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि रमनदीप सिंह 4 गेंदों में 3 रन ही बना सके। मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे सफल गेंदबाज शार्दुल ठाकुर रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं हार्दिक पंड्या की जमकर धुनाई हुई, उन्होंने 3 ओवर में 39 रन खर्च किए। ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली। बुमराह ने 4 ओवर में 35 रन दिए।
अब मुंबई इंडियंस को मैच जीतने के लिए 221 रन बनाने होंगे। आपको बता दें कि 2012 के बाद से मुंबई इंडियंस आईपीएल सीजन का अपना पहला मुकाबला नहीं जीत पाई है, ऐसे में इस मैच में जीत हासिल करना टीम के लिए बेहद अहम होगा।
Sports – Patrika | CMS


