भट्टा बस्ती इलाके में रविवार रात एक-दूसरे पर कमेंट्स के चलते दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान एक पक्ष के दो युवकों ने नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। पेट व सीने में कई बार वार कर आरोपी भाग गए। वारदात के बाद मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ कर हमला करने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि नाबालिग मृतक और आरोपी युवक भौमिया बस्ती के रहने वाले थे। रात को मोहल्ले में बैठने के दौरान दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी हो गई। रविवार रात साढ़े आठ बजे कहासुनी ज्यादा बढ़ गई और अरबाज व समीर ने चाकू से नाबालिग पर हमला कर दिया। चाकू घोंपने से खून बहने लगा तो दोनों मौके से भाग गए। विद्याधर नगर एसएचओ हिम्मत सिंह की टीम ने आरोपी विजय नगर कच्ची बस्ती निवासी अरबाज भाटी व समीर कुरैशी को पहचान कर पकड़ लिया। चाकू भी बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपी। चाकूबाजी के बाद मौके पर जमा लोग।


