गोरखपुर में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। अपहरण के बाद लड़की को पहले होटल में बंधक बनाकर रखा गया और फिर एक स्पा सेंटर में बेच दिया गया। गुमशुदगी दर्ज कर 22 दिनों से लड़की की तलाश में खाक छान रही पुलिस ने नौसढ़ के एक होटल से बरामद करने में सफलता पायी है। इस मामले में होटल के मालिक, मैनेजर एवं स्पा सेंटर के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
लड़की की ओर से रेप का आरोप भी लगाया जा रहा है। लेकिन मेडिकल जांच के बाद ही पुलिस इस मामले में कुछ स्पष्ट करेगी। यदि जांच में पुष्टि हुई तो रेप की धारा बढ़ा दी जाएगी। फिलहाल इस केस के जरिए पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी है और इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने की तैयारी भी चल रही है। पहले गीडा के होटल में बनाया बंधक
गोरखनाथ थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया गया था। उसे गीडा के एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया। लड़की को यहां 3 दिनों तक रोके रखा गया। इसके बाद बड़हलगंज के एक स्पा सेंटर को बेच दिया गया। 5 जनवरी को गायब हुई थी लड़की यह लड़की 5 जनवरी को रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। परिजन अपनी बात लेकर थाने पहुंचे तो गुमशुदगी दर्ज कर ली गई। उसके बाद से ही पुलिस लड़की की तलाश में जुटी थी। 22 दिनों तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा। लड़की को पहले गीडा के होटल में रखा गया। लड़की ने आरोप लगाया है कि तीन दिनों तक उसक साथ रेप किया गया। जब उसकी हालत खराब हो गई तो दवा खिलाई गई। उसके बाद स्पा सेंटर भेजा गया। स्पा सेंटर में भी बिगड़ी तबियत
लड़की ने बताया कि लगभग एक सप्ताह तक उसे स्पा सेंटर में रखा गया। वहां भी उसकी तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे नौसढ़ स्थित एक होटल लाया गया और वहीं छिपाकर रखा गया। उसकी तलाश में जुटी पुलिस को 22 जनवरी को उसकी लोकेशन की भनक मिल गई। होटल पहुंचकर पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया। इन्हें किया गया गिरफ्तार इस मामले में जिस होटल से लड़की पकड़ी गई है, उसके मालिक धीरेंद्र सिंह, मैनेजर आदर्श पांडेय व बड़हलगंज के स्पा के मैनेजर अंकित कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लड़की के बयान के बाद इस मामले में रेप की धारा भी बढ़ाई जाएगी।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि लड़की को बरामद कर लिया गया है। तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


