धार जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने बजट 2025-26 को मध्य प्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत नींव है। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र को दर्शाता है। उनके अनुसार, बजट से प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि बजट के प्रावधानों से प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और औद्योगिक क्षेत्र को नई गति मिलेगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मंत्री ने बजट को समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला समावेशी बजट बताया। मंत्री सिलावट ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और उद्योग जगत के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे मध्य प्रदेश विकास के नए आयामों तक पहुंचेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थानीय विधायक नीना वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती,समेत सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


