मंत्री ने कहा-शिक्षित बच्चे ही सशक्त राष्ट्र की पहचान:सीहोर में ‘स्कूल चलें हम अभियान’ का शुभारंभ; तनु को स्कूटी की चाबी सौंपी

मंत्री ने कहा-शिक्षित बच्चे ही सशक्त राष्ट्र की पहचान:सीहोर में ‘स्कूल चलें हम अभियान’ का शुभारंभ; तनु को स्कूटी की चाबी सौंपी

सीहोर के एमएलबी स्कूल में जिला स्तरीय ‘स्कूल चलें हम अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने किया। इस मौके पर विधायक सुदेश राय, कलेक्टर बालागुरु सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
मंत्री ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। मेधावी छात्रों का सम्मान, हितग्राही योजनाओं का वितरण
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा तनु परमार को स्कूटी की चाबी और लैपटॉप राशि का प्रमाण पत्र दिया गया। वहीं पूजा भिलाला को भी लैपटॉप राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में साइकिल और पुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान नरेश मेवाड़ा ने भी संबोधित किया। साथ ही भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिले के 210 प्रतिभावान छात्रों को स्कूटी की राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा 2752 बच्चों को लैपटॉप की राशि और करीब 7500 छात्रों को साइकिल का वितरण किया गया है, जिससे शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *