सलूंबर में मिनी सचिवालय, सिविल लाइन, हेलीपैड बनेंगे:कलेक्टर-एडीएम ने भूमि का निरीक्षण किया, अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए

सलूंबर में मिनी सचिवालय, सिविल लाइन, हेलीपैड बनेंगे:कलेक्टर-एडीएम ने भूमि का निरीक्षण किया, अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए

सलूंबर कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने सरकारी कार्यालयों के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत लकापा में प्रस्तावित मिनी सचिवालय के लिए चिन्हित भूमि से हुई। कलेक्टर ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और उपलब्ध संसाधनों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी विभागों को एक ही परिसर में संचालित करने के उद्देश्य से एक सुव्यवस्थित ले-आउट शीघ्र तैयार किया जाए, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर सभी प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें। जल निकासी, सीमांकन की स्थिति देखी इसके बाद भई में प्रस्तावित सिविल लाइन के लिए भूमि का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मास्टर प्लान के अनुरूप भू-उपयोग, जल निकासी व्यवस्था और सीमांकन की स्थिति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. सापेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय आवास और कार्यालय निर्माण से संबंधित सभी तकनीकी और राजस्व प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। निरीक्षण के क्रम में खोलडी में प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हेलीपैड के आसपास कम से कम 100 मीटर क्षेत्र पूर्णतः अवरोध मुक्त रखा जाए। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने और सभी सुरक्षा व तकनीकी मानकों का पालन करते हुए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए कलेक्टर ने बताया कि ये तीनों परियोजनाएं जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रस्ताव जल्द राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *