कार विवाद में फायरिंग करने वालों के ठिकाने पर रेड, रायफल-पिस्टल और सैकड़ों कारतूस बरामद
ग्वालियर। कार निकालने के विवाद से शुरू हुआ मामला पुलिस के लिए बड़े खुलासे में बदल गया। ब्यूटी पार्लर संचालिका के घर फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस को उनके मकान से अवैध हथियारों का पूरा जखीरा मिला। पुलिस कार्रवाई में रायफल, पिस्टल, तमंचे और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों का पूरा परिवार आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है और हथियारों की निगरानी मास्टरमाइंड के भाई-बहन कर रहे थे।
कार विवाद से शुरू हुई वारदात
मॉडल टाउन निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका अनु शर्मा का मंगलवार शाम पड़ोसी बंटी यादव से कार निकालने को लेकर विवाद हुआ था।
आरोप है कि बंटी यादव के बेटे अंशुल यादव, दम्मो उर्फ अनिकेत यादव और सूर्या यादव ने पहले कार में तोड़फोड़ की, फिर अनु शर्मा के घर पहुंचकर फायरिंग की और परिवार के साथ मारपीट की। घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
दबिश में खुला हथियारों का राज
सिरोल थाना प्रभारी Govind Bagoli के अनुसार, आरोपियों की तलाश में पुलिस ने हुरावली स्थित बंटी यादव के पुश्तैनी मकान पर दबिश दी।
यहां आरोपी तो नहीं मिले, लेकिन घर की रसोई, अलमारी, टांड, स्टोर और बाथरूम तक में छिपाकर रखे हथियार बरामद हुए।
मौके से बंटी यादव के भाई मनीष यादव और बहन सपना यादव को हिरासत में लिया गया।
जहां हाथ डाला, वहां निकला हथियार
बरामद हथियार —
315 बोर की 3 राइफल
32 बोर की 2 पिस्टल
315 बोर का 1 तमंचा
315 बोर के 52 जिंदा कारतूस
32 बोर के 17 कारतूस
306 बोर के 6 कारतूस
अलग बोर की 22 गोलियां (संभवत: 9 एमएम)
9 मैग्जीन भी बरामद
जमीन और उगाही से जुड़ा नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जमीन कारोबार और उगाही से जुड़े हुए हैं। हथियार कहां से लाए गए और किन घटनाओं में इस्तेमाल हुए, इसका खुलासा मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होगा।
आरोपियों की तलाश जारी
एएसपी Vidita Dagar ने बताया कि बंटी यादव, उसके बेटे अंशुल व अनिकेत और सूर्या यादव के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग का केस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा मनीष यादव और सपना यादव पर अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।


