कोलंबिया में सैन्य विमान क्रैश, 110 सैनिक थे सवार

कोलंबिया में सैन्य विमान क्रैश, 110 सैनिक थे सवार

Military Aircraft Crashes: कोलंबिया में सोमवार को वायुसेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि इस विमान में 110 सैनिक सवार थे। कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में एक सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पेरू की सीमा के पास अमेजन के घने जंगलों में स्थित एक दूरस्थ स्थान प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद लॉकहीड मार्टिन का सी-130 हरक्यूलिस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि घटना के समय विमान सशस्त्र बलों के सैनिकों को ले जा रहा था।

विमान में सवार थे 110 सैनिक

स्थानीय आउटलेट ब्लूरेडियो ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि विमान में 110 सैनिक सवार थे, जो एक शहरी केंद्र से महज तीन किलोमीटर (दो मील) की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, सांचेज़ ने चेतावनी दी कि ‘पीड़ितों की सटीक संख्या और दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।’

फरवरी में भी हुआ था हादसा

आपको बता दें कि इससे पहले फरवरी के अंत में बोलिवियाई वायु सेना का एक और हरक्यूलिस सी-130 विमान हादसे का शिकार हो गया था। राजधानी ला पाज के पास घनी आबादी वाले शहर ऑल्टो में विमान क्रैश होने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। वहीं, इस दर्दनाक हादसे में 30 घायल हो गए थे। विमान के माल से नोट शहर भर में बिखर गए, जिससे लोगों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं थी। खराब मौसम के बीच सैन्य विमान सड़क पर जा गिरा, जहां कई वाहन खड़े थे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय टेलीविजन द्वारा प्रसारित वीडियो में विमान सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है और सड़क पर खड़ी कई कारें इसके नीचे कुचल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *