खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का माइग्रेशन लंबित:विधायक भयाना से लगाई गुहार, 7 दिन में समाधान का आश्वासन

खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का माइग्रेशन लंबित:विधायक भयाना से लगाई गुहार, 7 दिन में समाधान का आश्वासन

हरियाणा के हांसी स्थित खुशी नर्सिंग कॉलेज की 16 छात्राओं ने शुक्रवार दोपहर को विधायक विनोद भयाना से मुलाकात की। उन्होंने कॉलेज की करीब 170 छात्राओं के लंबित माइग्रेशन की समस्या बताई, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं के साथ मौजूद किसान नेता सुरेश खोथ ने बताया कि छात्राएं लगभग एक महीने से माइग्रेशन का इंतजार कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। विधायक विनोद भयाना ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मेडिकल बोर्ड के अधिकारियों से इस विषय पर बात की है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की व्यस्तता और कुछ अधिकारियों के अस्वस्थ होने के कारण प्रक्रिया में देरी हुई है।
विधायक ने कहा-एक सप्ताह में हो जाएगा काम विधायक ने आश्वासन दिया कि प्रशासनिक कामकाज सामान्य होते ही सात कार्य दिवस के भीतर माइग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी भी छात्रा की पढ़ाई बाधित नहीं होने देना चाहते और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि धरना-प्रदर्शन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। किसान नेता सुरेश खोथ ने चेतावनी दी कि यदि सात कार्य दिवस में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसान संगठनों के साथ विधायक आवास के बाहर धरना दिया जाएगा। इस पर विधायक ने कहा कि धरना-प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन छात्राओं की समस्या का समाधान निर्धारित समय सीमा में कर दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *