MI vs DC at Navi Mumbai, WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच नवीं मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रनों से शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19 ओवरों में 145 रन पर सिमट गई। महिला प्रीमियर लीग के इस सीजन में मुंबई इंडियंस की यह पहली जीत है। इससे पहले शुरुआती मुकाबले में उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
चिनले हेनरी का अर्द्धशतक गया बेकार
मुंबई इंडियंस द्वारा दिए गए 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने टीम की कमर तोड़ दी। दिल्ली की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीम ने 12 ओवर के भीतर ही 86 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से चिनले हेनरी एकमात्र ऐसी खिलाड़ी रहीं जिन्होंने संघर्ष किया। हेनरी ने 33 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 56 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी यह मेहनत बेकार गई। दिल्ली की टीम 19 ओवरों में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। अन्य बल्लेबाजों में लिजेल ली ने 10, शेफाली वर्मा ने 8, लॉरा वुलफार्ट ने 9, जेमिमा रोड्रिग्स ने 1, मारिजैन कैप ने 10, निकी प्रसाद ने 12, स्नेह राणा ने 11, मिन्नु मणि ने 7 और श्री चरणी ने नाबाद 10 रन बनाए। वहीं, नंदनी शर्मा खाता भी नहीं खोल सकीं।
नैट-साइवर ब्रंट और हरमनप्रीत के शानदार अर्धशतक
इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स से टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। ओपनर अमेलिया केर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद जी कमलिनी ने नैट साइवर ब्रंट के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 49 रनों की साझेदारी की। कमलिनी 16 रन बनाकर आउट हुईं।
6.3 ओवर में 51 के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद नैट साइवर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 66 रनों की साझेदारी की। नैट साइवर ब्रंट ने 46 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
ब्रंट के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने निकोला कैरी के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए महज 26 गेंदों में 53 रन जोड़ दिए। निकोला कैरी 12 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं। अंत में हरमनप्रीत कौर ने सजीवन सजना के साथ मिलकर टीम का स्कोर 195 रन तक पहुंचाया। हरमनप्रीत कौर 42 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि सजीवन सजना ने 2 गेंदों में नाबाद 5 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अमेलिया केर और निकोला कैरी ने चटकाए 3-3 विकेट
मुंबई इंडियंस की ओर से अमेलिया केर और निकोला कैरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए, जबकि नैट-साइवर ब्रंट को 2 सफलताएं मिलीं। इनके अलावा शबनिम इस्माइल और संस्कृति गुप्ता ने भी 1-1 विकेट लिया। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि चिनले हेनरी और श्री चरणी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।


