बाड़मेर में मौसम पूरी तरह बदल गया है। होली से पहले ही सर्दी गायब हो गई और लगातार तापमान बढ़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री रहने से सुबह और देर शाम हल्की ठंडक बनी हुई है। दिन और रात के तापमान में करीब 18 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया है। सोमवार को सुबह 9 बजे तक मौसम सुहावना रहा, लेकिन इसके बाद सूरज की तपिश बढ़ने लगी। दोपहर 12 बजे के बाद तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ गई। गर्मी के मौसम के साथ ही अब पतझड़ शुरू हो गई है। पेड़ों के नीचे सूखे पीले पत्तों के ढेर लगने शुरू हो गए है। हालांकि दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा है, लेकिन रात और सुबह के समय अभी भी हल्की ठंडक बनी हुई है। 15.9 डिग्री के न्यूनतम तापमान के कारण सुबह और देर रात के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहता है। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। तापमान 35 डिग्री पार होगा मौसम विभाग के अनुसार साफ आसमान और शुष्क हवा के कारण तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान 35 डिग्री पार पहुंचेगा।


