Do Deewane Seher Mein Teaser: प्यार के महीने यानी फरवरी में फैंस को रोमांस का एक नया रंग देखने को मिलने वाला है। संजय लीला भंसाली के ‘भंसाली प्रोडक्शंस’ और ‘जी स्टूडियोज’ के बैनर तले बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दो दीवाने सहर में‘ (Do Deewane Saher Mein) का रोमांटिक टीजर आज रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है।
शहर की गलियों में बसे इस प्यार ने जगा दिए पुराने जज्बात
टीजर की सबसे मजेदार बात इसकी शुरुआत है, क्योंकि बैकग्राउंड में फिल्म ‘घरौंदा’ का कालजयी गाना ‘दो दीवाने शहर में’ बजता है, जो फैंस को तुरंत पुरानी यादों में ले जाता है। करीब 1 मिनट के इस टीजर में सिद्धांत और मृणाल के बीच बेहद खूबसूरत और रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है। साथ ही, टीजर का अंत थोड़ा दंग करने वाला है, जहां प्यार की ये कहानी अचानक दर्द और इमोशन्स की ओर मुड़ती है।
बता दें, निर्माताओं ने टीजर शेयर करते हुए एक बहुत ही प्यारा कैप्शन लिखा- “क्योंकि हर ‘इश्क’ परफेक्ट नहीं होता, पर काफी होता है। इस शहर की एक ऐसी ही अधूरी लेकिन पूरी प्रेम कहानी के साक्षी बनिए।” इसका कैप्शन ये इशारा करता है कि फिल्म में केवल मीठा रोमांस ही नहीं, बल्कि रिश्तों की कड़वाहट, जुदाई और हकीकत को भी दिखाया जाएगा।
शानदार विजुअल्स और संगीत का तड़का
इतना ही नहीं, फिल्म का डायरेक्शन ‘मॉम’ जैसी फिल्म बना चुके रवि उदयावर ने किया है, जबकि इसकी कहानी अभिरुचि चंद ने लिखी है। मुख्य कलाकारों के अलावा फिल्म में ईला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा, अचिंत कौर और संदीपा धर जैसे फेमस स्टार्स भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले है।
बता दें, संजय लीला भंसाली की फिल्मों की तरह ही इस फिल्म में भी शानदार विजुअल्स और संगीत का तड़का देखने को मिल रहा है। ‘दो दीवाने सहर में’ वैलेंटाइन वीक के आसपास यानी 20 फरवरी 2026 को थिएटर में दस्तक देने वाली है। सिद्धांत और मृणाल के फैंस इस टीजर को देखकर काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर उनकी सादगी और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की जमकर सराहना हो रही है।


