पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष पर भाजपा द्वारा ‘अटल स्मृति वर्ष’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उनकी जयंती के अवसर पर एक ‘अटल स्मृति प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाजपेयी को भारतीय राजनीति का युग पुरुष और राष्ट्र निर्माण में अटल नायक बताया। यह प्रदर्शनी गुरुवार को मुख्यालय स्थित अरविंद पवेलियन में भारतीय जनता पार्टी सिरोही द्वारा आयोजित की गई। इसका फीता काटकर शुभारंभ राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी और अटल स्मृति आयोजन के संयोजक हंसमुख मेघवाल ने किया। प्रदर्शनी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने वाजपेयी को राष्ट्र चेतना का अमर साधक बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने अपना संपूर्ण जीवन देश के नाम समर्पित किया। देवासी ने यह भी कहा कि आज अटल बिहारी द्वारा रोपित बीज भाजपा एक विशाल वटवृक्ष बनकर राष्ट्र सेवा की नई पीढ़ियों को गढ़ रहा है। इसी प्रकार, सांसद लुंबाराम चौधरी ने अटल बिहारी को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि उनका नारा ‘अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा’ आज साकार हो रहा है। सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि अटल की पावन स्मृतियां सभी देशवासियों के मानस पटल पर सदैव अटल रहेंगी। डॉ. रक्षा भंडारी ने वाजपेयी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु, ओजस्वी वक्ता और मां भारती का उपासक बताया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित इस युग पुरुष की ‘शून्य से शतक’ की यात्रा सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। भंडारी ने जोर देकर कहा कि वाजपेयी का समर्पण भावी पीढ़ियों को दिशा दिखाता रहेगा।


