महाशिवरात्रि पर ताजमहल को फ्री करने के लिए ज्ञापन:हिंदू महासभा जिलाध्यक्ष ने खून लिखा पत्र, बोली- हमारे लिए तेजोमहालय है

महाशिवरात्रि के अवसर पर ताजमहल को ‘तेजो महालय’ बताते हुए एक दिन निशुल्क प्रवेश की मांग को लेकर हिंदू महासभा ने मंगलवार को पुरातत्व विभाग को ज्ञापन सौंपा। संगठन की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अपने खून से लिखकर यह ज्ञापन महानिदेशक, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, नई दिल्ली के नाम पुरातत्व अधीक्षक आगरा को दिया।
धारा 163 लागू होने के बाद सीमित संख्या में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिस प्रकार उर्स के दौरान तीन दिन ताजमहल में निशुल्क प्रवेश दिया जाता है, उसी प्रकार महाशिवरात्रि पर भी एक दिन ‘तेजो महालय’ के रूप में मुफ्त प्रवेश की अनुमति दी जाए। संगठन ने प्रशासन को इस मांग पर निर्णय लेने के लिए 72 घंटे का समय दिया है।
मीरा राठौर ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदू समाज का प्रमुख पर्व है और इस दिन श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह “पुण्य कार्य” है और इसमें बाधा नहीं आनी चाहिए। संगठन ने ‘तेजो महालय महाशिवरात्रि दर्शन’ नाम से पोस्टर भी जारी किए हैं। साथ ही देश के 12 प्रमुख शिवलिंग मंदिरों के महंतों एवं साधु-संतों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आमंत्रण पत्र भेजने की जानकारी दी गई है।
हिंदू महासभा ने घोषणा की है कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह 10 बजे आगरा किले के सामने स्थित श्रीराम मंदिर से साधु-संतों के साथ ताजमहल की ओर प्रस्थान किया जाएगा। संगठन का दावा है कि वह ताजमहल के बंद 22 कमरों के दर्शन की मांग भी उठाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *