दतिया में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक मेडिकल छात्र को अपना शिकार बना लिया। आरोपी ने खुद को पीड़ित के पिता का दोस्त बताया और इलाज के नाम पर पैसे मंगवाकर 69 हजार रुपये की ठगी कर ली। शनिवार रात बड़ौनी थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी प्रांजल गुप्ता (20) दतिया मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र है। 5 फरवरी की शाम वह बड़ौनी तिराहे पर खड़ा था, तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उसके पिता का दोस्त अशोक मिश्रा बताते हुए कहा कि उसकी बेटी अस्पताल में भर्ती है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। फर्जी स्क्रीनशॉट्स भेजे
आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए व्हाट्सएप पर 25 हजार, 45 हजार 500 और 29 हजार 500 रुपये भेजने के फर्जी स्क्रीनशॉट भी भेजे। इन स्क्रीनशॉट्स को सही मानकर छात्र ने अपने दोस्त के फोन-पे अकाउंट से बताए गए नंबर 8120845171 पर अलग-अलग किस्तों में कुल 69 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद आरोपी ने फिर पैसे मांगे। इस पर छात्र को शक हुआ और उसने अपने खाते की जांच की, जहां कोई राशि प्राप्त नहीं हुई थी। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज किया
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल नंबर 6203802328 और 8120845171 के अज्ञात धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी तरह पुष्टि कर लें, खासकर जब लेन-देन ऑनलाइन माध्यम से हो रहा हो।


