Mau News: शादी का झांसा देकर महिला का किया शोषण, अब जेल पहुंच गए इंजीनियर साहब

Mau News: शादी का झांसा देकर महिला का किया शोषण, अब जेल पहुंच गए इंजीनियर साहब

Mau News: जनपद मऊ में डूडा (जिला शहरी विकास अभिकरण) विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। डूडा में कार्यरत एक संविदा महिला कर्मचारी ने विभाग में ही तैनात इंजीनियर अंकित सिंह पर शादी का झांसा देकर शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता के अनुसार अभियुक्त अंकित सिंह उसके साथ डूडा कार्यालय में सहकर्मी के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई। आरोप है कि अभियुक्त ने महिला को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी की बात कही तो अभियुक्त टालमटोल करने लगा और अंततः शादी से इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद महिला ने थाना सरायलखंसी में शिकायत दर्ज कराई।

चंदौली जिले का निवासी है इंजीनियर

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त अंकित सिंह मूल रूप से जनपद चंदौली का निवासी है और वर्तमान में थाना सरायलखंसी क्षेत्र के ग्रीन स्ट्रीट चांदमारी इमलिया में रह रहा था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अभियुक्त की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर उसे उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया।
थाना सरायलखंसी पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त का चालान न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला से जुड़े अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *