Mau News: दबंगों ने युवक को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Mau News: दबंगों ने युवक को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र स्थित खुरहट बाजार में हुई मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कसारी गांव निवासी प्रशांत राय, अंकित राय, आनंद राय, रितेश राय और अनुराग उपाध्याय के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी कृष्णा 27 मार्च को खुरहट बाजार में लगे मेले में गया था। इसी दौरान आगे चल रही एक बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से उसकी गाड़ी टकरा गई। आरोप है कि इस पर बाइक सवार आनंद राय ने बीच सड़क पर हेलमेट से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

इसके अगले दिन कृष्णा अपने ससुराल धर्मसीपुर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे पकड़ लिया, मुंह बांधकर बाइक से कसारी गांव ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। कुछ समय बाद उसे तमसा नदी के पास छोड़ दिया गया। पीड़ित किसी तरह घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस कार्रवाई और वीडियो वायरल

मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कसारी गांव में दबिश दी। इस दौरान की एक कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें पुलिस टीम घर के बाहर नजर आ रही है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *