जयपुर शहर में कचरे की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। दैनिक भास्कर ऐप के सिविक इश्यू प्लेटफॉर्म पर पिछले कई दिनों से कचरे से संबंधित शिकायतों की बाढ़ आ गई है, लेकिन नगर निगम की लापरवाही के कारण स्थिति सुधरने की बजाय और बिगड़ती जा रही है। शहर के कई वार्डों में सड़कों, खाली प्लॉटों और बाजारों के आसपास कचरे के ढेर लगे हुए हैं। सफाई कर्मचारी समय पर कचरा नहीं उठा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप बदबू, मच्छरों, मक्खियों और आवारा जानवरों की संख्या में वृद्धि हो रही है। दैनिक भास्कर ऐप के ‘सिविक इश्यू’ सेक्शन में कचरे की समस्या को लेकर लोगों ने ढेरों शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कचरे के ढेर से वार्ड नंबर 87 के लोग परेशान
वार्ड 87 घाट गेट क्षेत्र में रहने वाले प्रवीण ने बताया कि सड़क किनारे जमा कचरा महीनों से नहीं उठ रहा। इसके पास ही बने कचरा डिपो में बार-बार आग लग जाती है, जिससे धुआँ और बदबू फैलकर लोगों का जीना मुश्किल कर देती है। शिकायतों पर कर्मचारी सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं।
वार्ड नंबर 18 में खाली मकान बना कचरे का डंप
वार्ड 18 प्रताप नगर के निवासी महेंद्र शर्मा ने बताया कि खाली मकान में लंबे समय से कचरा फेंका जा रहा है। इसमें जमा पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का डर लगातार मंडरा रहा है। कई शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने सफाई नहीं करवाई।
वार्ड 26 में पांच बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
वार्ड 26 विद्याधर नगर की निर्मला शेखावत ने बताया कि वे इस समस्या की पांच बार शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन सफाईकर्मी नहीं आए। कचरा कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे तेज़ बदबू फैलती है। जिसकी वजह से आसपास रहना मुश्किल हो गया है। लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
मोबाइल टावर के पास कचरे का ढेर से वार्ड 37 के लोग परेशान
वार्ड 37 कल्याण कुंज कॉलोनी में रहने वाले मनीष ने बताया कि मोबाइल टावर के पास कचरे का बड़ा ढेर जमा है। बदबू और गंदगी से लोगों को रोज़ाना परेशानी होती है। रास्ता संकरा और फिसलन भरा हो गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। लेकिन नगर निगम कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। आम जनता ने कहा कि जयपुर को कागजों में भले ही स्मार्ट सिटी का दर्जा मिल गया हो। लेकिन हकीकत में हालत काफी खराब है। शहर में नियमित सफाई, फॉगिंग और कचरा उठाने की व्यवस्था तक नहीं है। अगर हकीकत में यही हाल लागू रहे, तो जनता का हाल और बेहाल हो जाएगा। आप भी कर सकते हैं पोस्ट
अब लोग अपनी बात सीधे दैनिक भास्कर ऐप पर रख रहे हैं। दैनिक भास्कर ऐप के ‘सिविक इश्यू’ सेक्शन में गली या मोहल्ले की समस्या लिखकर और फोटो लगाकर पोस्ट की जा सकती है। अगर आपने इस सेक्शन में किसी समस्या को लेकर पोस्ट किया और उसका समाधान हो गया है तो आप पोस्ट कर बता सकते हैं कि आपकी समस्या का समाधान हो। यहां क्लिक करें। ये भी पढ़े.. कचरे के ढेर से बीमारी फैलने की संभावना:ट्रांसफॉर्मर के पास सुरक्षा जाली तक नहीं,सड़क पर बिखरा सामान; विभाग बने लापरवाह जयपुर शहर में स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। दैनिक भास्कर डिजिटल के सिविक इश्यू सेगमेंट में रोजाना बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हो रही हैं। इनमें साफ दिख रहा है कि शहर की मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं, विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। (पूरी खबर पढ़े)


