मास्टर प्लान की सडक़े अटकीं, जनता पिसी-अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं, पीडब्ल्यूडी ने रोका काम

मास्टर प्लान की सडक़े अटकीं, जनता पिसी-अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं, पीडब्ल्यूडी ने रोका काम

झांसी रोड, आरआर टावर और रामदास घाटी रोड पर निर्माण ठप; निगम-पीडब्ल्यूडी की खींचतान से बढ़ी परेशानी

मास्टर प्लान के तहत बनाई जा रही प्रमुख सडक़ों का निर्माण अतिक्रमण हटाने में ढिलाई के चलते अटक गया है। झांसी रोड, आरआर टावर के पास और रामदास घाटी रोड पर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से पीडब्ल्यूडी ने काम बंद कर दिया है। नतीजतन राहगीरों और स्थानीय कारोबारियों को रोजाना जाम, धूल और उखड़ी सडक़ों की मार झेलनी पड़ रही है। जानकारों का कहना है कि जिन हिस्सों में सडक़ चौड़ीकरण और री-कार्पेटिंग होनी थी, वहां मकान, दूकान और कब्जों के कारण मशीनें आगे नहीं बढ़ पा रहीं। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि बिना अतिक्रमण हटे निर्माण संभव नहीं, जबकि नगर निगम झांसी रोड पर नोटिस देने के डेट लाइन निकल जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। यही हाल रामदास घाटी व आरआर टावर वाले क्षेत्रों में भी बना हुआ है। ऐसे में दोनों विभागों के बीच फंसे पेंच का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

इन स्थानों पर ठप पड़ा काम
झांसी रोड : कुछ जगह पर सडक़ का कार्य हो चुका है,लेकिन नाली निर्माण के टेंडर नहीं होने व मकान-दुकान के अस्थाई अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से पीडब्ल्यूडी ने काम बंद कर दिया है।
आरआर टावर रोड : यहां पर सर्विस रोड और ड्रेनेज लाइन के हिस्से मकान,दुकान और कब्जों से घिरे हुए है,ऐसे में यहां भी कार्य बंद कर दिया है।
रामदास घाटी रोड: सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आज भी लंबित। यहां अतिक्रमण हटाने के लिए निशान भी लगाए जा चुके हैं और नोटिस भी बांटे जा चुके है, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से आधा-अधूरा निर्माण पब्लिक के लिए परेशानी बढ़ा रहा है।
मास्टर प्लान पर सवाल
शहर की यातायात समस्या कम करने के लिए मास्टर प्लान के तहत सडक़े विकसित की जा रही हैं, लेकिन जमीनी समन्वय की कमी से परियोजना की रफ्तार थम गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहले सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की ठोस कार्रवाई होती, तो निर्माण बाधित नहीं होता।

जनता की मुश्किलें बढ़ीं,जनप्रतिनिधि व अफसरों को लेकर नाराजगी
झांसी रोड, आरआर टावर व रामदास घाटी पर निर्माण रुकने से गड्ढों, धूल और जाम की समस्या बढ़ी है। एंबुलेंस और स्कूल बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आधे-अधूरे काम से ग्राहकी पर भी असर पड़ा है। वही शहरवासियों में भी दोनों विभाग व जनप्रतिनिधियों को लेकर नाराजगी है।
पत्रिका व्यू
क्या निगम और पीडब्ल्यूडी संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएंगे, या मास्टर प्लान की सडक़े फाइलों में ही दौड़ती रहेंगी। जब तक स्पष्ट टाइमलाइन और समन्वित कार्रवाई नहीं होती, तब तक शहरवासियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही।

झांसी विक्की फैक्ट्री रोड पर नाली के टेंडर नहीं होने व अतिक्रमण के चलते फिलहाल काम बंद कर दिया गया है। यही हाल आरआर टावर व रामदास घाटी रोड पर भी बना हुआ है। हम निगम को पत्र भी लिख चुके है।
देवेंद्र भदौरिया, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी

अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित भवन स्वामी को नोटिस बांटे जा चुके है और जल्द ही अतिक्रमण हटाने की भी कार्रवाई की जाएगी।
संघ प्रिय आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *