लुधियाना के पंजाबी बाग में भीषण आग:वूलन वेस्ट गोदाम धू-धू कर जला, 2-3 घर चपेट में, लाखों का नुकसान

लुधियाना के पंजाबी बाग में भीषण आग:वूलन वेस्ट गोदाम धू-धू कर जला, 2-3 घर चपेट में, लाखों का नुकसान

लुधियाना के टिब्बा रोड इलाके में स्थित पंजाबी बाग गली नंबर 10 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक वूलन वेस्ट के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के 2 से 3 घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह जलकर राख हो गया। 1 घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी और लोगों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
आग लगने के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वूलन वेस्ट होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। बाद में फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने वूलन वेस्टेज और कीमती सामान बाहर भी निकाल लिया। लोगों के मुताबिक आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आस-पास के कई घरों की दीवारों में आग की तपश के कारण दरारें आ गईं है। पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आगजनी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *