महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। नई दिल्ली-चेन्नई जीटी एक्सप्रेस (Grant Trunk Express) के एक कोच में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 12616 नई दिल्ली से चेन्नई (तांबरम) जा रही थी और सुबह नागपुर से रवाना हुई थी। जब ट्रेन वर्धा जिले में सिंदी रेलवे स्टेशन (Sindi Railway Station) की ओर बढ़ रही थी, तभी सुबह 11 बजकर 9 मिनट पर ट्रेन के आखिरी कोच से धुआं उठता दिखाई दिया। आग ट्रेन के आखिरी एसएलआर (सीटिंग-कम-लगेज रैक) कोच में लगी थी।
तुरंत रोकी गई ट्रेन, कोच किया गया अलग
मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले के मुताबिक, ट्रेन को तुरंत सिंदी-तुलजापुर सेक्शन पर रोका गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित कोच को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रभावित कोच में मौजूद यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वर्धा के पास धूं-धूं कर जला जीटी एक्सप्रेस का डब्बा-
जांच के बाद सामने आएगी वजह
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रभावित कोच को अलग करने के बाद ट्रेन को शेष डिब्बों के साथ आगे के सफर के लिए रवाना किया गया।
इस घटना के कारण नागपुर-सेवाग्राम रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।
बड़ा हादसा टला
इस घटना ने एक बार फिर रेल सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन समय रहते ट्रेन रोकने और कोच अलग करने की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों की सतर्कता और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया से स्थिति पर काबू पाया गया।
हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय तकनीकी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्टाफ को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


