11 हजार लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत:कानपुर में तीसरी मंजिल पर काम करते समय लगा करंट, झुलसकर नीचे गिरा

11 हजार लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत:कानपुर में तीसरी मंजिल पर काम करते समय लगा करंट, झुलसकर नीचे गिरा

कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में शनिवार को घर की तीसरी मंजिल पर काम करते समय एक राजमिस्त्री हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया राजमिस्त्री
सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी सत्यनारायण किसान हैं। उनके परिवार में पत्नी शिवरानी देवी और पांच बेटे—सरवन, हरि प्रसाद, सूर्य प्रकाश, राम सागर और पवन (35) हैं। पवन तीसरे नंबर का बेटा था। उसकी करीब 15 साल पहले शादी हुई थी। पत्नी शीलू और दो बच्चे आयुष व प्रांशी हैं। बड़े भाई सरवन ने बताया कि पवन राजमिस्त्री का काम करता था। वह हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के सागरपुरी में पिछले कई दिनों से निर्माण कार्य कर रहा था। शनिवार को वह पड़ोस में रहने वाले दोस्त विनोद के साथ काम पर गया था। दोनों घर की तीसरी मंजिल पर चुनाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान घर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से पवन को जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह झुलसकर तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद साथी विनोद ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पवन को पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर घटना की सूचना पुलिस को दी। हनुमंत विहार थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *