सोनीपत में 55 साल बाद शहीद की प्रतिमा का अनावरण:1971 युद्ध में शहीद हुए थे महेंद्र सिंह; मंत्री पंवार, बड़ौली व कृष्णा गहलोत पहुंची

सोनीपत में 55 साल बाद शहीद की प्रतिमा का अनावरण:1971 युद्ध में शहीद हुए थे महेंद्र सिंह; मंत्री पंवार, बड़ौली व कृष्णा गहलोत पहुंची

सोनीपत जिले के गांव गढ़ी बिंदरौली में रविवार को शहीद हुए वीर जवान महेंद्र सिंह की शहादत के 55 साल बाद उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। वे 1971 में भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए थे। इस अवसर पर पूरा गांव भावुक हो उठा और हर आंख नम दिखाई दी। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी शहीद को पुष्प अर्पित करने पहुंचे। शहीद महेंद्र सिंह वर्ष 1968 में भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। वह एक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे, जिन्होंने देश सेवा को सर्वोपरि माना। उनके जज्बे और देशभक्ति की भावना ने उन्हें एक सच्चा सैनिक बनाया। छुट्टी छोड़ बॉर्डर पहुंचे, देश को चुना सबसे पहले
वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध के दौरान महेंद्र सिंह अपने गांव गढ़ी बिंदरौली में दो महीने की छुट्टी पर आए हुए थे। मात्र 15 दिन बाद उन्हें एक टेलीग्राम प्राप्त हुआ, जिसमें उनकी छुट्टी तत्काल प्रभाव से रद्द कर बॉर्डर पर रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया। उन्होंने बिना देर किए ड्यूटी जॉइन की। घर से निकलते समय उन्होंने अपनी पत्नी और परिजनों से कहा— “देश को मेरी जरूरत है, चिंता मत करना।” यह शब्द आज भी परिवार के लिए गर्व और भावनाओं का प्रतीक बने हुए हैं। कश्मीर में लड़ते हुए दी सर्वोच्च बलिदान
भारत-पाक युद्ध के दौरान कश्मीर क्षेत्र में दुश्मनों से मुकाबला करते हुए महेंद्र सिंह ने वीरगति प्राप्त की। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की और हमेशा के लिए अमर हो गए। प्रतिमा अनावरण में उमढ़ी भीड़
शहीद की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। शहीद की पत्नी संतरा देवी, बेटी राजवंती देवी और अन्य परिजन इस पल को देखकर भावुक हो उठे। आंखों में आंसू थे, लेकिन दिल में गर्व भी उतना ही था कि उनके परिवार का एक सदस्य देश के लिए शहीद हुआ। नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं के लिए बताया प्रेरणा
इस अवसर पर हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और विधायक कृष्णा गहलावत मौजूद रहे। उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भूले-बिसरे शहीदों को सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और युवाओं को देशभक्ति के मार्ग पर चलने की सीख देगी। शहीदी दिवस पर भी किया गया नमन
नेताओं ने बताया कि 23 मार्च के शहीदी दिवस के अवसर पर भी वीर शहीदों को याद किया जा रहा है। देश के महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की कुर्बानी को पूरे देश और हरियाणा में श्रद्धा के साथ नमन किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *