पीलीभीत शहर के मोहल्ला केसरी सिंह में शनिवार को एक 36 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान विकास पटेल की पत्नी रश्मि गंगवार (36) के रूप में हुई है। शनिवार को रश्मि घर पर थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान रश्मि एक कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक रश्मि के कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर झांका, जहां रश्मि का शव छत के पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर फंदा काटा और रश्मि को नीचे उतारा। उन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रश्मि को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती पूछताछ में मृतका के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। उन्होंने कहा, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मृतका के पक्ष या परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।”


