दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, बस स्टैंड पर छोड़ा:सुलतानपुर में पति समेत ससुराल वालों पर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप, FIR दर्ज

दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, बस स्टैंड पर छोड़ा:सुलतानपुर में पति समेत ससुराल वालों पर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप, FIR दर्ज

सुल्तानपुर में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। एक विवाहिता को उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर दहेज के लिए प्रताड़ित किया, मारपीट की और फिर कादीपुर बस स्टैंड के पास छोड़कर चले गए। पीड़िता सृष्टि श्रीवास्तव ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सृष्टि श्रीवास्तव का विवाह 17 मई 2025 को विशेष कुमार श्रीवास्तव से सूर्या मैरिज लॉन, अहिमाने, सुल्तानपुर में हुआ था। सृष्टि के माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था, जिसमें जेवर, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और 3 लाख रुपये नकद शामिल थे। यह सारा सामान अभी भी ससुराल में है। शादी के बाद विदा होकर ससुराल पहुंचने पर सृष्टि को कम दहेज लाने का ताना दिया जाने लगा। उनके पति विशेष श्रीवास्तव, ससुर ग्रीशचंद्र श्रीवास्तव, सास शैल श्रीवास्तव, छोटे देवर शुभम श्रीवास्तव और छोटी ननद एकता श्रीवास्तव कथित तौर पर उनसे और दहेज लाने की मांग करते थे। मना करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता और मारपीट की जाती थी। पीड़िता के अनुसार, 8 अगस्त 2025 की सुबह उनके पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए उनसे मारपीट की। उनके जेवर और कपड़े छीन लिए गए, जिसके बाद उनके पति उन्हें कादीपुर बस स्टैंड के पास छोड़कर चले गए। सृष्टि के चचेरे भाई ने उन्हें बस स्टैंड के पास देखा और उनके घर पर फोन किया। सूचना मिलने पर सृष्टि के माता-पिता और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। जब सृष्टि के पिता ने पति विशेष से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि जब तक 5 लाख रुपये और एक फ्रिज नहीं मिलेगा, वह सृष्टि को अपने साथ नहीं रखेंगे और उसे जान से मार देंगे। यह कहकर वह वहां से चले गए। इसके बाद सृष्टि के पिता, चचेरे भाई और गांव के अन्य लोग उनके ससुराल गए और बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें अपमानित कर भगा दिया और बात करने से इनकार कर दिया। एसएचओ कादीपुर श्याम सुंदर ने बताया तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *