भास्कर संवाददाता| भैरूंदा नगर के शास्त्री कॉलोनी स्थित प्राचीन नर्मदा मंदिर में श्री नर्मदा पुराण कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में कलश यात्रा के साथ किया गया। नगर की सैकड़ों महिलाओं व श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया, जिससे पूरा नगर मां नर्मदा मैया के जयकारों से गूंज उठा। कलश यात्रा गायत्री मंदिर से शुरु होकर रेस्ट हाउस रोड, दुर्गा मंदिर चौराहा, बस स्टैंड व भोपाल रोड होते हुए नर्मदा मंदिर गायत्री कॉलोनी पहुंची। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया। मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों का विधिवत पूजन-अर्चन व मां नर्मदा मैया की आरती की गई। नर्मदा पुराण के श्रवण मात्र से पापों का नाश होता है: पंडित तिवारी ने कहा कि नर्मदा पुराण के श्रवण मात्र से मनुष्य के पापों का नाश होता है और धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने नर्मदा स्नान, दर्शन व पुराण श्रवण के महत्व को भी बताया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, अलका चौहान, संतोष पवार, नरेंद्र दमानी, पंकज खंडेलवाल सहित नगर व आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


