बहराइच में होली का पर्व बुधवार को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के छावनी चौराहा, अग्रसेन चौक और घंटाघर सहित विभिन्न स्थानों पर हजारों की संख्या में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद आनंद गौड़, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे ने लोगों से गले मिलकर रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे अपने कार्यकर्ताओं के साथ होली के गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य करते भी दिखे। बुधवार सुबह से ही सड़कों पर होली खेलने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा था। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। इस दौरान कई युवा अनोखे अंदाज में होली मनाते नजर आए। नगर के घंटाघर चौक पर एक युवा अपने दांतों में गैस सिलेंडर फंसाकर झूमता दिखा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, गौरव वर्मा, अमित शर्मा, होली समिति के अध्यक्ष दीपक सोनी दाऊ, महामंत्री सुमित खन्ना, सचिन श्रीवास्तव और शिवम जायसवाल ने भी चौक पहुंचकर लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।


