बुरहानपुर के नेपानगर क्षेत्र स्थित ग्राम मांडवा में सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों के विरोध के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रही इस सड़क का कुछ हिस्सा उखड़वाकर दोबारा डामरीकरण कराया गया है। यह मामला मांडवा से बदनापुर फाटे तक करीब 8 किलोमीटर लंबी सड़क के पेचवर्क से जुड़ा है, जिसकी लागत लगभग 50 लाख रुपये है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि तीन-चार दिन पहले किए गए डामरीकरण का काम गुणवत्ताहीन था और सड़क पर बिछाई गई डामर हाथ से ही उखड़ रही थी। शिकायत के बाद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। शुक्रवार को ग्राम मांडवा स्थित सरकारी स्कूल के सामने के हिस्से का पेचवर्क फिर से कराया गया। इससे पहले पुराने पेचवर्क को हटाया गया और सड़क की साफ-सफाई की गई। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग के एसडीओ सूरज सिसौदिया ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई। ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस (SCN) जारी किया गया है। उन्होंने ठेकेदार को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है और कहा कि लापरवाही पाए जाने पर दोबारा सही करके देना होगा। सड़क का काम फिर से शुरू हो गया है और सील कोट का काम चार-पांच दिनों में पूरा हो जाएगा।


