मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बता दे कि पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 264 बोतलें अवैध शराब बरामद की गईं। पुलिस थाना करसोग में एफआईआर नंबर 32/2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)A में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) नरजीव कुमार अपनी टीम के साथ केलोधार, कोटलू और नांज क्षेत्रों में गश्त कर रहे थे। यह गश्त नशा विरोधी अभियान का हिस्सा थी।नांज बाजार में टीम को सूचना मिली कि पुराना जमोगा निवासी बोध राज अवैध शराब का कारोबार कर रहा है और उसने शराब को एक टीन शेड में छिपा रखा है। अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी बोध राज के कब्जे से ‘ऊना नंबर-1’ ब्रांड की 22 पेटियां देसी शराब मिलीं, जिनमें कुल 264 बोतलें थीं। पुलिस ने आरोपी बोध राज निवासी पुराना जमोगा, तहसील करसोग, जिला मंडी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का जारी रहेगा अभियान पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा था, जो आबकारी अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। मामले की आगे की जांच एएसआई नरजीव कुमार द्वारा की जा रही है। मंडी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


