फतेहाबाद जिले में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों की शुरुआत कर दी गई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कार्यकर्ताओं को प्रभावी वक्ता बनाने का प्रयास हो रहा है। फतेहाबाद नगर मंडल का प्रशिक्षण शिविर रखा गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने शिरकत की। जोड़ा ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास तथा संगठनात्मक कार्यशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने की। अलग-अलग सत्र में कई वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। जोड़ा बोले-पार्टी का इतिहास संघर्ष व राष्ट्रहित के मूल्यों से प्रेरित
शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्ष, सेवा और राष्ट्रहित के मूल्यों से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो संगठन की विचारधारा को समाज के बीच लेकर जाते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए पार्टी के विकास की यात्रा और विभिन्न दौर में संगठन द्वारा किए गए संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांत आज भी भाजपा की कार्यशैली का मार्गदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा जन-जन तक पहुंचान का आह्वान
प्रवीण जोड़ा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों और सिद्धांतों की गहराई से समझ प्रदान करते हैं। इससे कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति निष्ठा और सेवा भाव और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।
इस दौरान नगर मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।


