मैनपुरी में नहर में कूदा व्यक्ति लापता:बचाने कूदा मछुआरा पानी में समाया, पुलिस और SDRF सर्च ऑपरेशन में जुटी

मैनपुरी में नहर में कूदा व्यक्ति लापता:बचाने कूदा मछुआरा पानी में समाया, पुलिस और SDRF सर्च ऑपरेशन में जुटी

मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम तखरऊ नहर पुल पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने नहर में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख पास मौजूद एक मछुआरा बचाने के लिए कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया। देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम एक व्यक्ति नहर पुल पर पहुंचा, कपड़े उतारे और अचानक नहर में कूद गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह गहरे पानी में चला गया। ग्राम सड़ निवासी मछुआरा राजू पुत्र किशन लाल कश्यप ने उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में छलांग लगा दी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुर्रा थाना प्रभारी विक्रांत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और तलाश अभियान शुरू कराया। देर रात तक कोई सफलता नहीं मिलने पर सीओ अजय सिंह चौहान, तहसीलदार संतोष राजोरिया और करहल थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों के न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए पुल पर जाम लगाकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया, जो नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नहर में कूदने वाला पहला व्यक्ति अज्ञात बताया जा रहा है। उसकी पहचान और छलांग लगाने के कारणों की जांच की जा रही है। मछुआरे राजू के परिजन और ग्रामीण घटना से चिंतित हैं। रात का अंधेरा और नहर किनारे झाड़ियां होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों के बीच हाल ही में नहर में मगरमच्छ देखे जाने की चर्चा भी चिंता बढ़ा रही है।
सीओ अजय चौहान ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति के नहर में कूदने के बाद उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति भी कूदा था। फिलहाल दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *