ललितपुर के मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सौंरई में मंगलवार रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज ललितपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम जाखलौन निवासी संतोष विश्वकर्मा (45) वर्तमान में ग्राम सौंरई स्थित अपनी ससुराल में रहते हैं। मंगलवार रात वह अपनी छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान छत पर फैले साबुन के झाग पर उनका पैर फिसल गया। संतोष करीब 10 फीट ऊंची छत से सिर के बल नीचे जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के3 बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने तुरंत प्राइवेट वाहन की मदद से उन्हें मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद संतोष की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज ललितपुर रेफर कर दिया। बताया गया है कि घटना के समय संतोष शराब के नशे में थे, जिसके कारण उनका संतुलन बिगड़ गया था। फिलहाल, संतोष विश्वकर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार जारी है।


