कैथल में सीवन क्षेत्र में एक व्यक्ति को षड्यंत्र बनाकर ट्रक से कुचलकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक महिला और एक अन्य युवक के साथ मिलकर व्यक्ति पर ट्रक चढ़ाया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला जींद के गांव कलोदा कलां निवासी परविंद्र के रूप में हुई है। लिव इन में रहते थे गांव पेगा निवासी किरपाल की शिकायत अनुसार वह राजौंद में शराब के ठेके पर करिंदे का काम करता है। उसकी एक महिला नीलम के साथ दोस्ती थी और दोनों राजौंद में लिव इन में किराये के कमरे में रह रहे थे। कुछ समय से नीलम की बातचीत गांव कलोदा जिला जींद निवासी परविन्द्र से होने लगी थी। जिससे दो-तीन दिन पहले नीलम उसे छोड़कर परविन्द्र के पास चली गई। आपत्तिजनक हालत में देखा इसके बाद 17 फरवरी की रात वह परविन्द्र और नीलम की तलाश में ट्रांसपोर्ट नगर कैथल पहुंचा, जहां ट्रक में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा। उसे देखते ही वे ट्रक लेकर फरार हो गए। 18 फरवरी की सुबह करीब 3:15 बजे खानपुर बस अड्डे के पास जब उसने दोबारा ट्रक के पास जाकर आवाज लगाई तो अजय और नीलम ने परविन्द्र को उकसाया। शिकायत अनुसार इसके बाद परविन्द्र ने ट्रक का अगला टायर उसकी टांगों, पसलियों और बाजुओं पर चढ़ा दिया और तीनों मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि इस बारे थाना सीवन में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले में पहले ही महिला आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


