पंजाब के कपूरथला में व्हाट्सएप के जरिए एक व्यक्ति से 4.85 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने फर्जी बैंक ट्रांजैक्शन का SMS भेजकर यह ठगी की। पीड़ित तरसेम सिंह की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने फिरोजपुर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच-अधिकारी एएसआई सूरत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। गांव झुग्गियांबंधु निवासी तरसेम सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे दो अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप पर संपर्क किया गया। अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि उसने गलती से उसके खाते में 23 लाख 12 हजार 890 रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं। इस दावे के समर्थन में उसने HSBC बैंक का एक फर्जी मनी ट्रांसफर SMS भी भेजा और कहा कि यह रकम 24 घंटे में खाते में पहुंच जाएगी। भरोसा जीतकर मांगे 4.85 लाख रुपए जालसाज ने तरसेम सिंह का भरोसा जीतने के लिए अपना बैंक खाता नंबर और IFSC कोड भी साझा किया। कुछ समय बाद उसने खुद को पैसों की तत्काल आवश्यकता बताते हुए 4.85 लाख रुपये की मांग की और कहा कि जब उसके द्वारा भेजी गई रकम खाते में आ जाएगी, तो उसमें से यह राशि काट ली जाए। झांसे में आकर पीड़ित ने HSBC बैंक खाते में 4.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम न आने पर खुली ठगी की पोल 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जालसाज द्वारा बताए गए 23,12,890 रुपये खाते में नहीं आए। तब तरसेम सिंह को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। उसने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी की पहचान फिरोजपुर निवासी के रूप में पुलिस ने प्राथमिक जांच के दौरान HSBC बैंक से जालसाज के खाते की जानकारी हासिल की। जांच में पता चला कि यह खाता फिरोजपुर के गांव सांगा खुर्द निवासी सरवन सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह के नाम पर है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी सरवन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को भेजा जाएगा नोटिस पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई सूरत सिंह ने बताया कि आरोपी को बयान दर्ज कराने के लिए सात दिन का नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


