Malaika Arora Mother Joyce Arora Stranded In Dubai: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों के परिवारों पर भी पड़ने लगा है। बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस अरोड़ा इस समय दुबई में फंसी हुई हैं। 72 वर्षीय जॉयस अपनी बहन का जन्मदिन मनाने के लिए संयुक्त अरब अमीरात गई थीं, लेकिन हालात ऐसे बने कि उनकी वापसी की फ्लाइट रद्द हो गई। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
दुबई में भी हालात हुए तनावपूर्ण (Malaika Arora Mother Joyce Arora Stranded In Dubai)
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए। इसके जवाब में ईरान द्वारा कई देशों पर हमलों की खबरों के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। इसी वजह से 3 मार्च को मुंबई लौटने वाली जॉयस अरोड़ा की उड़ान स्थगित कर दी गई।
वो पल भयावह था- जॉयस अरोड़ा
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बात करते हुए जॉयस ने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से आसमान में मिसाइलों को रोके जाते देखा। उनके मुताबिक वो पल भयावह जरूर था, लेकिन दुबई की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और वहां की सेना स्थिति पर काबू बनाए हुए है। उन्होंने ये भी कहा कि फिलहाल वो खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
मां के संपर्क में हैं दोनों बेटियां (Malaika Arora Mother Joyce Arora Stranded In Dubai)
मां की चिंता में बेटियां लगातार संपर्क में हैं। जॉयस ने बताया कि उनकी दोनों बेटियां, मलाइका और अमृता, दिन में कई बार फोन कर हालचाल ले रही हैं। परिवार के लिए ये समय चिंताजनक जरूर है, लेकिन राहत की बात ये है कि जॉयस सुरक्षित स्थान पर हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जॉयस 2 मार्च को अपना जन्मदिन भी दुबई में ही मनाने वाली थीं। परिवार ने कुछ दिन पहले ही उनकी बड़ी बहन का जन्मदिन मनाया था, और अब यह पारिवारिक मिलन अचानक अंतरराष्ट्रीय संकट की वजह से चर्चा का विषय बन गया।
धीरे-धीरे फिर से शुरू हुईं उड़ानें
सूत्रों के मुताबिक, कुछ उड़ानें अब धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रही हैं। ऐसे में जॉयस को उम्मीद है कि वो जल्द ही मुंबई लौट सकेंगी। हालांकि अंतिम निर्णय एयरलाइंस और सुरक्षा हालात पर निर्भर करेगा।
गौरतलब है कि इस संकट के दौरान अभिनेत्री ईशा गुप्ता और सोनल चौहान भी दुबई में फंस गई थीं। हालांकि बाद में दोनों सुरक्षित भारत लौट आईं। इससे साफ है कि मौजूदा हालात ने कई यात्रियों की योजनाएं प्रभावित की हैं।


