मैथिली बोलीं-कम उम्र में राजनीति में बहुत-कुछ सीखने का मौका:कहा-ट्रॉलर्स को नमस्कार करके जवाब देती हूं; कई लोग मुझे गाइड करते हैं

बिहार की अलीपुर विधानसभा सीट से विधायक और फेमस लोक गायिका मैथिली ठाकुर शनिवार को जयपुर पहुंचीं। मैथिली के साथ उनके दोनों भाई ऋषभ और अयाची आए। इस दौरान उन्होंने अपने गायकी से लेकर राजनीति के सफर और सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रॉलिंग को लेकर भास्कर से खास बातचीत की। मैथिली ठाकुर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जयपुर आईं हैं। जहां आज उनका कंसर्ट है। अब पढ़िए मैथिली ठाकुर से भास्कर की साख बातचीत सवाल: गायकी से विधायकी का सफर कैसे देखती हैं? मैथिली ठाकुर: सब बहुत अच्छा लग रहा है। बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। कम उम्र में राजनीति में आई हूं तो ऐसा लगता है कि आगे बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा। कई लोग मुझे गाइड करते हैं। अब समय भी ज्यादा है तो लोगों के लिए काम करने और उनकी सेवा करने का अवसर मिल रहा है। सवाल: सोशल मीडिया पर होने वाले ट्रॉलर्स को कैसे जवाब देती हैं? मैथिली ठाकुर: नमस्कार करके। मुझे अच्छा लगता है, मैं इसे ज्यादा महत्व नहीं देती। सवाल: आपके पास बहुत लोग अपनी समस्याएं लेकर आते होंगे, उन्हें कैसे संभालती हैं? मैथिली ठाकुर: मुझे अच्छा लगता है कि लोग भरोसा करके अपनी समस्या बताते हैं। कोशिश रहती है कि मौके पर ही उनका समाधान हो जाए। जिन मामलों में तुरंत समाधान हो सकता है, उन्हें प्राथमिकता पर रखकर पूरा करने की कोशिश करती हूं। सवाल: मैथिली संगीत को आगे बढ़ाने के लिए क्या करना चाहती हैं? मैथिली ठाकुर: मेरे राज्य में बहुत सारे बच्चे हैं जो संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। मैं चाहती हूं कि उनके लिए बड़ा संस्थान खुले ताकि उन्हें दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़े। यह मेरा एक ड्रीम प्रोजेक्ट है। एक कलाकार और जनप्रतिनिधि होने के नाते मैं अपने समुदाय के उन लोगों के लिए काम करना चाहती हूं जो संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। सवाल: संगीत की शुरुआत कैसे हुई? मैथिली ठाकुर: मैंने अपने घर में अपने पिता से संगीत सीखा है। पिता अपनी जगह पर हैं, लेकिन जब वे सिखाने के लिए बैठते हैं तो बहुत अनुशासन के साथ सिखाते हैं। पापा ने अपना पूरा जीवन संगीत सीखने और सिखाने में बिताया है। उनसे ही मुझे संगीत की पहली सीख मिली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *