उन्नाव युवती हत्याकांड, मुख्य आरोपी गिरफ्तार:शादी का झांसा देकर की थी हत्या, किराए के मकान में रहकर नौकरी करती थी

उन्नाव युवती हत्याकांड, मुख्य आरोपी गिरफ्तार:शादी का झांसा देकर की थी हत्या, किराए के मकान में रहकर नौकरी करती थी

उन्नाव में युवती की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक युवती से संबंध बनाए रखे और फिर वादे से मुकरकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना दही पुलिस को यह सफलता मिली है। थाना दही क्षेत्र में दर्ज युवती हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। यह मामला 24 जनवरी का है, जब मृतका के पिता रमेश, निवासी मन्या टेसुआ, थाना दही ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी की हत्या की सूचना दी थी। तहरीर के अनुसार, रमेश ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री पुरवा मोड़ के पास किराए के मकान में रहकर एक फैक्ट्री में नौकरी करती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप नामक युवक, जो मृतका का परिचित था, अक्सर उससे मिलने आता था और उससे शादी करने का वादा करता था। आरोपी कई बार शादी की बात से मुकर जाता था, फिर दोबारा भरोसा दिलाकर युवती को झांसे में लेता रहा। पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी की सुबह आरोपी ने युवती को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसके कमरे पर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद युवती की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मामले में थाना दही पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी प्रदीप को झझरी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सीओ सिटी आईपीएस दीपक यादव ने बताया कि प्रार्थी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की गई, जिसमें आरोपी की संलिप्तता स्पष्ट हुई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *