फिरोजाबाद के थाना टूण्डला क्षेत्र के ग्राम त्रिलोकपुर में ऊपला (कण्डा) तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस झगड़े में तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी जवाहर लाल की तलाश में पुलिस जुटी थी। पुलिस को सूचना मिली कि वह हिरनगांव रोड के पास जंगल में छिपा हुआ है। इस सूचना पर थाना टूण्डला पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी जवाहर लाल ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें आरोपी जवाहर लाल घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 20 मार्च को ही दो अन्य नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


