पानीपत जिले के इसराना के मांडी गांव में आर्यन हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता साहिल को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। साहिल, मृतक आर्यन के ताऊ का बेटा है और उस पर संपत्ति विवाद के चलते हत्या की साजिश रचने का आरोप है। CIA-2 पुलिस ने उसे कनाडा से डिपोर्ट होने के बाद मंगलवार शाम को हिरासत में लिया। बुधवार को साहिल को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। हत्यारों को दिया 10 लाख का लालच इस मामले में अप्रैल 2025 में मांडी गांव निवासी युकेश, सोनीपत के राजपुर निवासी प्रदीप उर्फ प्रिंस और दो नाबालिग आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि साहिल ने अमेरिका से उन्हें 10 लाख रुपए और एक एकड़ जमीन का लालच देकर आर्यन के परिवार को खत्म करने की साजिश रची थी। अमेरिका में डिपोर्ट के डर से कनाडा भागा आरोपी साहिल 2023 में अपनी 2 एकड़ जमीन बेचकर ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका चला गया था। वहीं से उसने अपने दोस्त युकेश और बुआ के लड़के को 10 लाख रुपए और एक एकड़ जमीन का लालच दिया था। 26 मार्च, 2025 को मांडी से बांध गांव की सड़क किनारे एक गेहूं के खेत में आर्यन पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। डिपोर्ट होने के डर साहिल अवैध रूप से कनाडा भाग गया था। आर्यन को गांव का युवक ही बुलाकर ले गया मृतक आर्यन की मां आशा पत्नी जसवीर ने 26 मार्च को इसराना थाने में दी शिकायत में बताया था कि उनके 18 वर्षीय बेटे आर्यन को सुबह करीब 10 बजे गांव का ही निशु घर से बुलाकर ले गया था। जब आर्यन देर शाम तक घर नहीं लौटा और निशु से पूछने पर उसने दुर्व्यवहार किया तथा आर्यन के बारे में बताने से इनकार कर दिया। गेंहू के खेत में मिला था शव आशा की शिकायत पर पहले गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था। अगले दिन, 27 मार्च को मांडी से बांध गांव की सड़क किनारे गेहूं के खेत में आर्यन का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच शुरू की थी।


