आगर मालवा में होली के त्यौहार पर फाग उत्सवों का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को मास्टर कॉलोनी स्थित अम्बे माता मंदिर में महिला मंडल द्वारा फाग महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। पारंपरिक गीतों पर हुआ सामूहिक नृत्य उत्सव के दौरान महिलाओं ने भगवान की प्रतिमा को अबीर-गुलाल और पुष्प अर्पित कर होली खेली। इसके बाद ढोलक की थाप पर पारंपरिक फाग गीत गाए गए, जिन पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से नृत्य किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर त्यौहार की बधाई दी।
परंपराओं को सहेजने का प्रयास महिला मंडल की रेखा मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखना है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक मेल-जोल बढ़ता है और नई पीढ़ी को भी अपने त्यौहारों के महत्व की जानकारी मिलती है।


