भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव की शुरुआत सकल दिगम्बर जैन समाज ने नर सेवा ही नारायण सेवा के ध्येय के साथ की। शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड के समीप अग्रवाल उत्सव भवन में सुबह से दोपहर तक चिकित्सा जांच, रक्तदान और गो-सेवा के प्रकल्प चले, वहीं शाम ढलते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने भजनों की स्वर लहरियों के बीच भगवान का पालना झुलाया।
महोत्सव का आगाज गो-सेवा व गो-पूजन से हुआ। इसके बाद चिकित्सा जांच एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक अशोक कोठारी, उद्योगपति तिलोक चंद छाबड़ा, सोहनलाल गंगवाल और सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, मंत्री नरेश गोधी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कैंसर जांच, 50 ने लिया नेत्रदान का संकल्प
अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि शिविर में आमजन ने स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाया। जयपुर से आई चिकित्सकों की टीम ने कैंसर जांच सहित कई परीक्षण किए। शिविर में 251 लोगों ने रक्तदान किया। पहली बार रक्तदान करने वाली आशा जैन ने कहा कि यह उनके लिए एक सुखद और आत्मिक शांति देने वाला अनुभव रहा। शिविर में मरणोपरांत नेत्रदान के लिए 50 लोगों ने संकल्प पत्र भरे। रामकेश मीणा ने बच्चों को स्वर्णप्राशन दवा पिलाई। शिविर में 243 की बीपी और शुगर जांच, 247 की नेत्र जांच, 53 स्वस्थ शिशु जांच, 67 शिशु दंत जांच, 163 शिशु नेत्र जांच, 65 की कैंसर की जांच की गई।
पालना झुलाने उमड़ा समाज
आदिनाथ महिला मंडल ने द्रव्य पोटली सजाओ, पद्मप्रभु महिला मंडल ने भगवान महावीर पर प्रश्नोत्तरी, पार्श्वनाथ महिला मंडल ने दान गुल्लक सजाओ पुण्य कमाओ, बाहुबली महिला मंडल ने पलासना सजाओ, त्रिशला आदिनाथ महिला मंडल ने परम्परागत मांडना, ज्ञानमती महिला मंडल ने जैन ध्वज सजाओ, पद्मावती महिला मंडल ने धार्मिक चित्र, वीतराग महिला मंडल ने भामंडल सजाओ, शांतिनाथ महिला मंडल ने शास्त्र सजाओ, लाड़ली संगठन ने विचित्र वेशभूषा और नेमिनाथ महिला मंडल ने ॐ सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की। देर शाम पालना झुलाना महोत्सव का आयोजन हुआ।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम में वीर सेवा संघ, जैन एकता मंच, दिगंबर जैन आर्थिक विकास संगठन, कल्पदुम बड़ा मंदिर महिला मंडल व महिला महासमिति प्रमुख संभाग का सहयोग रहा। इस दौरान समाज के उपाध्यक्ष जंबू भैंसा, प्रकाश गंगवाल, महामंत्री लोकेश अजमेरा, दिनेश सेठिया, भैरूलाल बडजात्या, तनसुख गदिया और अशोक कांटीवाल सहित समाजजन मौजूद रहे।
आज के कार्यक्रम
रविवार सुबह 7 बजे से ‘सहस्त्रनाम महामंडल विधान एवं अभिषेक होगा। यह आयोजन मुनि अरह सागर, मुनि सुहित सागर और आर्यिका विज्ञाश्री माताजी ससंघ के सानिध्य में होगा। आयोजन में 24 पांडुशिलाओं पर 24 जिन प्रतिमाओं का 1008 ऋद्धि मंत्रों से अभिषेक होगा। 120 श्रावक विधान में 1008 अर्घ समर्पित करेंगे। 24 हवन कुंडों में आहुतियां दी जाएंगी।


