Maharashtra: नकाबपोश लोगों ने चंद्रपुर कांग्रेस पार्षदों को बस से अगवा करने की कोशिश की, मामला दर्ज

Maharashtra: नकाबपोश लोगों ने चंद्रपुर कांग्रेस पार्षदों को बस से अगवा करने की कोशिश की, मामला दर्ज

महाराष्ट्र के चंद्रपुर से कांग्रेस पार्षदों को नकाबपोश लोगों द्वारा बृहस्पतिवार शाम बस से कथित तौर पर अगवा करने की कोशिश के मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नागपुर से सटे वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास चंद्रपुर नगर निगम (सीएमसी) के नवनिर्वाचित पार्षदों को ले जा रही बस को कुछ लोगों ने रोक लिया और कथित तौर पर कांग्रेस के सदस्यों को अगवा करने की कोशिश की।
यात्रा कर रहे एक वरिष्ठ पार्षद ने बताया कि पार्टी समर्थकों के समय पर पहुंचने और पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आ गई।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता विजय वडेट्टीवारके समर्थक 17 से 18 पार्षद नागपुर जा रहे थे, जहां उन्हें नगर निकाय चुनाव के बाद नियमों के अनुसार संभागीय आयुक्त कार्यालय में अपने गुट का पंजीकरण कराना था।

पुलिस ने पार्टी के पार्षद राजेश अडूर (जो बस में यात्रा कर रहे थे) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि बस को शाम पांच बजकर 45 मिनट पर येलकेली टोल प्लाजा के पास चार से छह वाहनों में आए करीब 20 नकाबपोश लोगों ने रोक लिया और कांग्रेस पार्षदों को कथित तौर पर जबरन बस से उतारने की कोशिश की।

इस बीच, घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
सूचना मिलते ही सवांगी पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

पुलिस ने बताया कि नागपुर निवासी कनैन सिद्दीकी नामक एक व्यक्ति को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसके और पांच अन्य नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में एक मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *