महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के धाड इलाके में एक ही परिवार के पांच सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। तीन मासूम भाई-बहनों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जबकि उनकी मां और एक और छोटी बच्ची अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे धाड परिसर में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस अनहोनी से स्तब्ध है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की शुरुआत रविवार से हुई थी। परिवार के सदस्यों को अचानक पेट दर्द, जी मिचलाना और लगातार उल्टियां होने की शिकायत शुरू हुई। शुरुआत में इसे सामान्य तकलीफ समझा गया, लेकिन सोमवार सुबह तक स्थिति बेहद गंभीर हो गई। आनन-फानन में मां और चारों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक जहर शरीर में काफी फैल चुका था। डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया, मगर तीन बच्चों को बचाने की कोशिशें नाकाम साबित हुईं।
तीन ने तोड़ा दम, दो का इलाज जारी
इस घटना में मरने वाले बच्चों की पहचान 4 वर्षीय मोहम्मद अली मोहम्मद वसीम जमदार, 7 वर्षीय मशिरा मोहम्मद वसीम जमदार और 8 वर्षीय फातिमा मोहम्मद वसीम जमदार के रूप में हुई है। इलाज के दौरान सबसे पहले अली और मशिरा की सांसें थमीं, जिसके बाद शाम होते-होते फातिमा ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं, बच्चों की मां अफरीन मोहम्मद वसीम जमदार (34) और उनकी 3 साल की बेटी अश्मिरा का बुलढाणा के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल अश्मिरा की स्थिति स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस पूरी घटना के पीछे भोजन से विषबाधा (फूड पॉइजनिंग) की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है। हालांकि, परिवार ने आखिरी बार क्या खाया था और फूड पॉइजनिंग क्यों हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। खाने के नमूने लैब में भेजे जा रहे हैं ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।


