Mahant Raju Das visit to Kannauj: कन्नौज में अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने मठ में बैठकर धर्म का संचालन करने वालों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि यह धर्माचार्य मठ के अंदर ही सीमित हो रहे हैं। उन्होंने धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए कुछ नहीं किया, जिसके कारण हिंदू सीमित होता जा रहा है और अपने धर्म और परंपराओं को भूलने लगा है। महंत राजू दास मानीमऊ गांव में आयोजित आनंद जन जागरण यात्रा में शामिल होने के लिए आए थे। इस मौके पर उन्होंने उन लोगों को भी आईना दिखाया जो शादी-ब्याहों में डीजे, दारू आदि पर हजारों रुपए खर्च कर देते हैं और मंत्रोच्चारण करने वाले पंडित की दक्षिणा देने में मुंह बनाने लगते हैं। इस मौके पर तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, भाजपा के अन्य नेता मौजूद थे।
धर्माचार्य मठ को नहीं छोड़ना चाहते
उत्तर प्रदेश के कन्नौज पहुंचे अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कहा कि आज हिंदुस्तान में ही हिंदू सीमित होता जा रहा है। वह अपने धर्म और परंपराओं को भूल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे धर्माचार्य जो अपने मठ को छोड़ना नहीं चाहते हैं। जो एक गौशाला, एक पाठशाला, एक गुरुकुल और एक विद्यार्थी में अपने आप को समेट कर रखे हैं। हिंदू भी अपने धर्म के प्रति उदासीन है। वहीं दो देशों की लड़ाई में देश के अंदर पुतले फूंके जा रहे हैं।
पंडितों को दक्षिण देने में विवाद करने वालों पर भी बोलें
मंहत राजू दास ने कहा कि शादी-विवाह में डीजे, दारू और खाने-पीने में हजारों रुपए उड़ा दिए जाते हैं, लेकिन शादी करने वाले पंडित को जब दक्षिणा देने की बारी आती है तो परेशान हो जाते हैं। पंडितों पर मंत्र जल्दी पढ़ने का दबाव बनाया जाता है, जो चिंता का विषय है। मंहत राजू दास सनातन धर्म सेवा संस्थान के बैनर तले आयोजित आनंद जन जागरण यात्रा में शामिल होने के लिए कन्नौज आए थे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी और हिंदू संगठन से जुड़े तमाम नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।


