विदेश भागने की तैयारी में महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी, यौन शोषण मामले में है आरोपी

विदेश भागने की तैयारी में महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी, यौन शोषण मामले में है आरोपी

Mahamandaleshwar Uttam Swami: जबलपुर के पंच अग्नि अखाड़ा के महामंडलेश्वर ईश्वरानंद बह्मचारी उर्फ उत्तम स्वामी पर यौन शोषण का गंभीर आरोप है। राजस्थान की युवती ने कई बार दुष्कर्म की बात कही है। गिरफ्तारी के भय से उत्तम अंडरग्राउंड हो गए। जबलपुर में भेड़ाघाट के सहजपुर स्थित आश्रम में 9-15 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन था।

उत्तम स्वामी ने बीते गुरुवार को कथा की थी। इस दौरान युवती ने दिल्ली पुलिस को ई-मेल कर शोषण और धमकाने का आरोप लगाया। इस पर शुक्रवार को कथा नहीं हुई। अनुयायियों ने दावा किया कि महाराज की तबीयत खराब है। उत्तम स्वामी को शुक्रवार शाम कथा प्रांगण में देखा गया था। रात लगभग 11 बजे तक लोकेशन वहीं थी। (MP News)

बड़ा सवाल- किसने की अंडरग्राउंड होने में मदद

सवाल उठ रहे हैं कि उत्तम को भूमिगत होने में किसने मदद की। रोका क्यों नहीं गया। एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने जांच कर ली थी। ऐसे में उत्तम स्वामी को गिरफ्तारी का डर सता रहा था। यही कारण था कि वे गायब हो गए। सूत्रों के अनुसार दूसरे आश्रम या भक्त के यहां छिपे हैं। विदेश भी भाग सकते है।

दिल्ली में पकड़ाया संदिग्ध युवक

पीड़ित युवती रिश्तेदारों के साथ शनिवार को राजस्थान से दिल्ली पहुंची थी। एक युवक पीछा करता हुआ पाया। इसकी शिकायत परिजन ने पुलिस से की। इस आधार पर युवक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि वह युवक कई बार उत्तम के साथ मप्र के शहरों में दिखा है।

दोनों दलों के कई नेता हैं भक्त, तस्वीरें वायरल

मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के कई नेता उत्तम स्वामी के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ की तस्वीर तो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही हैं।

मप्र हो सकता है घटनास्थल

सूत्रों के मुताबिक पीड़िता और उसके परिजन पूर्व के वर्षों में उत्तम स्वामी से मिलने मप्र स्थित उनके कुछ आश्रमों में आ चुके हैं, लेकिन अनुयायियों का दावा है कि स्वामी ने किसी को नहीं बुलाया। सूत्रों के मुताबिक मप्र पुलिस से संभावित घटनास्थलों के बारे में अन्य राज्यों की पुलिस जानकारी ले सकती है।

मध्यप्रदेश में ज्यादा आश्रम

उत्तम के ज्यादातर आश्रम व संपत्तियां मप्र के इंदौर जबलपुर और रतलाम जैसे जिलों में हैं। (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *