झाबुआ जिले के रानापुर नगर से एक किलोमीटर दूर मदनकुई बिलवाल फलिया में मंगलवार रात एक मकान में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल टीम और रानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। इस अग्निकांड में दिनेश बिलवाल का परिवार प्रभावित हुआ है। पीड़ित ने बताया कि वे एक दिन पहले ही गुजरात से मजदूरी कर लौटे थे और अपने साथ 2 लाख रुपए नकद लाए थे, जो आग की भेंट चढ़ गए। नकदी के साथ-साथ घर में रखी एक बाइक, टेंट का सामान, डीजे सिस्टम, घर का सारा राशन और घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपए के आर्थिक नुकसान का अनुमान है। पीड़ित परिवार ने अब प्रशासन से उचित मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग की है।


