लखनऊ मेट्रो कि सतर्कता, संवेदनशीलता से बिछड़ी एक नाबालिग बच्ची अपने पारिजनों से मिली। 4 जनवरी को शाम लगभग 6 बजे लेखराज मेट्रो स्टेशन पर 9 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। स्टेशन परिसर में अकेली बच्ची को देखकर वहां तैनात मेट्रो कर्मियों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और बिना देर किए बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया। इसके बाद स्टेशन कंट्रोलर को पूरे मामले की सूचना दी गई। स्टेशन कंट्रोलर द्वारा बच्ची से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई। पूछताछ और सत्यापन के दौरान यह पता चला कि बच्ची लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र की निवासी है। प्राप्त जानकारी के आधार पर मेट्रो प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची की बहन से संपर्क किया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सायं करीब साढ़े छह बजे बच्ची को पूरी तरह सुरक्षित उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और लखनऊ मेट्रो के कर्मचारियों की सजगता, सहयोगात्मक व्यवहार और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।इस संबंध में यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि मेट्रो केवल एक परिवहन सेवा नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी लखनऊ मेट्रो इसी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करेगा।


