Lucknow Crime: लखनऊ के निशातगंज में रिटायर्ड महिला की हत्या, सीसीटीवी बंद मिलने से बढ़ा शक

Lucknow Crime: लखनऊ के निशातगंज में रिटायर्ड महिला की हत्या, सीसीटीवी बंद मिलने से बढ़ा शक

Lucknow Murder Case: राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सचिवालय से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। महिला का शव उनके ही घर के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 69 वर्षीय निर्मला देवी के रूप में हुई है, जो अपने बेटे, बहू और पोती के साथ रहती थीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। उनके पति का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था।

घर के अंदर बंधे मिले हाथ-पैर, हत्या की आशंका

पुलिस के अनुसार, महिला का शव घर के एक कमरे में पड़ा मिला, जहां उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। यह स्थिति स्पष्ट रूप से किसी आपराधिक वारदात की ओर इशारा करती है। प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Lucknow Crime

बहू ने देखी लाश, तुरंत पुलिस को दी सूचना

घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला की बहू घर लौटीं और कमरे में निर्मला देवी का शव देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

निशातगंज की गली नंबर 3 में हुई घटना

यह वारदात लखनऊ के व्यस्त इलाके निशातगंज की गली नंबर 3 में हुई है। आमतौर पर यह क्षेत्र शांत और सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

सीसीटीवी कैमरा 2 से 4 बजे के बीच मिला बंद

पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। घर में लगा सीसीटीवी कैमरा दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच बंद पाया गया। इससे पहले की फुटेज में किरायेदारों को घर के अंदर-बाहर आते-जाते देखा गया है। इस आधार पर पुलिस किराएदारों से पूछताछ कर रही है और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।

डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और कई महत्वपूर्ण सुराग इकट्ठा किए हैं। फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

अकेले थी महिला

पुलिस के अनुसार, घटना के समय महिला घर में अकेली थीं। उनका बेटा एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है, जबकि बहू ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे, इसी दौरान यह वारदात हुई।

हत्या के कारणों की तलाश में पुलिस

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात लूट के इरादे से की गई या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं,किराएदारों की भूमिका, पारिवारिक संबंध और आसपास की गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है।

Lucknow Crime

इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के बाद निशातगंज क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

 पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *