LPG Shortage: नहीं मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर! सरकार के एक आदेश ने बढ़ाई चिंता, इन लोगों को लेना होगा ऐसा नया कनेक्शन

LPG Shortage: नहीं मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर! सरकार के एक आदेश ने बढ़ाई चिंता, इन लोगों को लेना होगा ऐसा नया कनेक्शन

जोधपुर। देश में ऊर्जा खपत के ढांचे को बदलने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा और दूरगामी फैसला लिया है। सरकार ने मंगलवार देर शाम असाधारण राजपत्र (एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी गजट नोटिफिकेशन) जारी कर प्राकृतिक गैस आधारित पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार के लिए सख्त प्रावधान लागू कर दिए हैं। नए आदेश के अनुसार जिन घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है, यदि वे तीन महीने के भीतर कनेक्शन नहीं लेते हैं तो वहां एलपीजी की आपूर्ति बंद की जा सकेगी।

जोधपुर में करीब 60 प्रतिशत क्षेत्र में पीएनजी की लाइन पहुंच चुकी है, लेकिन घरेलू गैस कनेक्शन केवल 34 हजार 615 परिवारों ने ही लिया है, जबकि शहर में एलपीजी के करीब 4.50 लाख कनेक्शन हैं। कुछ कनेक्शन दोहरे भी हो सकते हैं, फिर भी शहर को एलपीजी से पीएनजी में ट्रांसफर करने के लिए दो लाख से अधिक कनेक्शनों की आवश्यकता होगी। दूसरी ओर जोधपुर स्थित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कम्पनी ने इस वर्ष केवल 7500 घरेलू गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में अगले दो वर्षों तक भी पूरे जोधपुर को कवर करना मुश्किल माना जा रहा है।

एक दिन में 25 गैस कनेक्शन

एलपीजी की किल्लत के बीच जोधपुर में बीते 15 दिनों में 380 परिवारों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, यानी प्रतिदिन औसतन 25 घर आवेदन कर रहे हैं। इसके बावजूद कई लोग जानबूझकर कनेक्शन लेने से बच रहे हैं।

इन एरिया में पाइप लाइन पहुंचना बाकी

जोधपुर में रातानाडा, शास्त्रीनगर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, एयरफोर्स क्षेत्र, सरदारपुरा, बासनी और पावटा सहित आधे से अधिक शहर में गैस पाइपलाइन पहुंच चुकी है, जबकि महामंदिर, माता का थान, सूरसागर, मंडोर, शिकारगढ़ और भीतरी शहर सहित लगभग 40 प्रतिशत हिस्से में पाइपलाइन पहुंचना बाकी है। जोधपुर में प्रतिदिन लगभग 10 हजार 800 एससीएमडी (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन) गैस की खपत होती है।

जोधपुर में ऐसे मिलेगा कनेक्शन

  • जोधपुर शहर में पीएनजी कनेक्शन के लिए सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी के कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन करना होगा। यह कार्यालय सर्किट हाउस रोड स्थित ब्लू सिटी मॉल में है।
  • आवेदन का रजिस्ट्रेशन शुल्क 354 रुपए है।
  • आवेदन के 15 दिन के भीतर कनेक्शन दिया जाएगा।
  • कनेक्शन के समय 6 हजार रुपए की सिक्योरिटी राशि जमा करानी होगी, जिसे किस्तों में भी जमा कराया जा सकता है।
  • कम्पनी घर पर प्रीपेड मीटर लगाएगी, जिसमें मोबाइल की तरह रिचार्ज करना होगा।

जोधपुर में पीएनजी गैस के रेट

घरेलू रेट – 50 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर
इंडस्ट्रियल रेट – 53.15 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर
कॉमर्शियल रेट – 55.84 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर

कम्पनी कैसे दे पाएगी, इस साल केवल 7500 का लक्ष्य

जोधपुर की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कम्पनी ने इस वर्ष 7500 घरेलू गैस कनेक्शन का लक्ष्य रखा है। गैस कनेक्शन देने की अधिकतम अवधि 90 दिन निर्धारित है। ऐसे में यदि एक साथ बड़ी संख्या में आवेदन आते हैं तो फिर से संकट की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा आम आदमी के लिए एकमुश्त 6 हजार रुपए की सिक्योरिटी राशि जमा करना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

जनता पर फूटेगा महंगाई बम

पीएनजी गैस कनेक्शन की सिक्योरिटी राशि 6 हजार रुपए है, जबकि एलपीजी कनेक्शन का खर्च इससे काफी कम है। एलपीजी कनेक्शन के लिए करीब 2200 रुपए सिक्योरिटी, 250 रुपए सिलेंडर का और 118 रुपए इंस्टॉलेशन शुल्क देना होता है।

यह वीडियो भी देखें

अभी आएंगी दिक्कतें

सीजेडी कम्पनी के पास इतना इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है कि वह एक साथ पूरे शहर को कवर कर सके। सरकार ने जल्दबाजी में यह निर्णय लिया है।

  • कमलेश परिहार

चूल्हे से एलपीजी पर आने में भी लोगों को वर्षों लग गए थे। एकदम से एलपीजी से पीएनजी पर आना लोगों के लिए कठिन होगा।

  • रजनी भारती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *