जिले में एलपीजी संकट गहराया: 10 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, शहर से गांव तक एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

जिले में एलपीजी संकट गहराया: 10 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, शहर से गांव तक एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

कटनी. जिलेभर में इन दिनों घरेलू एलपीजी सिलेंडर को लेकर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। स्थिति यह है कि लोगों को सिलेंडर लेने के लिए सुबह से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं कई जगहों पर अव्यवस्था के चलते विवाद और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ रही है। शहर में गैस एजेंसियों की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग कराने के बाद भी 8 से 10 दिनों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। कई एजेंसियों में डिलीवरी सिस्टम लगभग ठप हो चुका है। लोग मजबूरी में खाली सिलेंडर लेकर सीधे एजेंसियों का रुख कर रहे हैं और घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी गंभीर हैं। ऐसे में कई घरों में गैस खत्म होने के बाद लोगों को लकड़ी, कोयला या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बहोरीबंद विकासखंड मुख्यालय स्थित भारत गैस एजेंसी में सोमवार को हालात बेकाबू नजर आए। सुबह से ही बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं अपने खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंच गए थे। लोगों ने सिलेंडरों को कतारबद्ध रखकर पर्ची कटवाने का इंतजार किया। जैसे ही एजेंसी का गेट खुला और पर्ची वितरण शुरू हुआ, भीड़ अनियंत्रित हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ते देख कर्मचारियों को कुछ समय के लिए पर्ची काटना बंद करना पड़ा। बाद में समझाइश के बाद ही व्यवस्था बहाल हो सकी। एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार, रविवार की छुट्टी के कारण सोमवार को उपभोक्ताओं की भीड़ अचानक बढ़ गई थी। जानकारी के मुताबिक, एक दिन में 200 से अधिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किए गए। सुबह एक वाहन में लगभग 200 सिलेंडरों की खेप पहुंची थी, जिसकी सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

वितरण स्थल पर लगी सिलेंडर की कतार

उपभोक्ताओं का कहना है कि वितरण व्यवस्था पूरी तरह असंतुलित हो चुकी है। जिन स्थानों पर गैस वितरण किया जाता है, वहां लोग सिलेंडर लेकर पहले से ही खड़े हो जाते हैं। जैसे ही गाड़ी पहुंचती है, कुछ ही सिलेंडर बांटकर चली जाती है और बाकी लोगों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि स्टॉक खत्म हो गया है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

जिले में कुल 25 गैस एजेंसियां

जानकारी के अनुसार, जिले में तीन प्रमुख तेल कंपनियों की कुल 25 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे करीब 3 लाख 61 हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। जिले में प्रतिदिन लगभग 5500 से 5600 गैस सिलेंडरों की खपत होती है, लेकिन इन दिनों मांग में करीब 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। अचानक बढ़ी मांग और तकनीकी खामियों के चलते वितरण व्यवस्था चरमरा गई है।

पर्याप्त स्टॉक का दावा

एजेंसी संचालक दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बहोरीबंद की भारत गैस एजेंसी संचालक अजीत सिंह महोबिया के अनुसार, उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है और भीड़ केवल एक साथ अधिक लोगों के पहुंचने के कारण लग रही है। दूसरी ओर उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर गैस की कमी नहीं है, तो उपभोक्ताओं को 10-10 दिन इंतजार क्यों करना पड़ रहा है। क्यों एजेंसियों पर अव्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नाकाफी हैं।

congress protest

महंगाई और गैस संकट के खिलाफ कांग्रेस ने घेरा कलेक्टर कार्यालय

कटनी. बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि और समय पर सिलेंडर की उपलब्धता न होना सरकार की नीतिगत विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने मांग की कि गैस की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए और हर उपभोक्ता को समय पर पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, अनियंत्रित मूल्य वृद्धि के लिए जिम्मेदार तंत्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि ईंधन के दाम बढऩे से परिवहन लागत में वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। इससे आम आदमी का जीवन और अधिक कठिन होता जा रहा है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या राधेलिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, सेवादल के सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गैस सिलेंडर के कालाबाजारी का आरोप

कटनी. बस स्टैंड क्षेत्र स्थित गुप्ता गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा गैस सिलेंडरों के कालाबाजारी करने का आरोप लगा है। सोमवार को सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ। जिसमें बगैर ओटीपी के सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। कर्मचारी कह रहा है कि सेठजी के सिस्टम के अनुसार सिलेंडर यहां से बांटे जा रहे हैं। फोन आने पर लोगों को सिलेंडर दिए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *